जैन धर्म की देन

भूमिका

जैन धर्म की देन प्रमुख रूप से निम्नवत् है :—

  • साहित्य और कला के क्षेत्र में 
  • सामाजिक देन
  • धर्म और दर्शन के क्षेत्र में 
  • राजनीतिक प्रभाव
  • अन्य

भाषा और साहित्य 

  • जैन मतावलंबियों ने विभिन्न समयों में लोकभाषाओं के माध्यम से अपने मत का प्रचार-प्रसार किया।
  • प्राकृत, अपभ्रंश, कन्नड़, तमिल, तेलुगु आदि क्षेत्रिय भाषाओं में जैन साहित्य मिलते हैं।
  • इन रचनाओं से भाषा एवं साहित्य समृद्धशाली हुआ।
  • प्राचीन जैन साहित्य अर्धमागधी या मागध या प्राकृत में लिखे गये हैं।
  • पूर्व-मध्यकाल में हेमचन्द्रादि विद्वानों ने काव्य, व्याकरण, ज्योतिष, छन्दशास्त्र आदि विषयों पर लेखनी चलाकर भाषा और साहित्य को समृद्ध किया।
  • दक्षिण भारत की क्षेत्रिय भाषाओं में भी जैन विद्वानों ने योगदान दिया है। 
  • तमिल ग्रंथ ‘कुरल’ के कुछ भाग जैन विद्वानों द्वारा विरचित हैं।
  • तमिल महाकाव्य ‘शिल्पादिकारम्’ और ‘जीवक चिन्तामणि’ के लेखक जैन थे।
  • जैन साहित्य संस्कृत भाषा में भी लिखे गये हैं।

कला और स्थापत्य

  • हस्तलिखित जैन पाण्डुलिपियों पर पूर्व-मध्यकाल में चित्र उकेरे गये जो कि चित्रकला सुन्दर नमूने हैं।
  • मध्य-भारत, ओडिशा, राजस्थान, गुजरात आदि स्थानों पर जैन मंदिर, मूर्तियाँ, गुहा-स्थापत्य आदि का निर्माण हुआ।
  • ओडिशा के उदयगिरि में अनेक जैन गुफाओं का निर्माण महामेघवाहन वंशी नरेश खारवेल के समय कराया गया था।
  • खजुराहो, सौराष्ट्र, राजस्थान से भव्य जैन मंदिर मिलते हैं।
  • खजुराहो में कई जैन तीर्थंकरों; यथा – पार्श्वनाथ, आदिनाथ आदि के मंदिर मिलते हैं।
  • राजस्थान का माउण्ट आबू पर निर्मित जैन मंदिर अपनी जैन कला की दृष्टि से अत्युत्कृष्ट है।
  • कर्नाटक के श्रवणबेलगोला में कई जैन मंदिर है। परन्तु यहाँ स्थित गोमतेश्वर बाहुबली की ग्रेफाइट निर्मित एकाश्म प्रतिमा प्रसिद्ध है।

सामाजिक प्रभाव

  • महावीर स्वामी के त्रिरत्नों में से सम्यक् आचरण पर सर्वाधिक बल दिया है। इस आचरण के पालनार्थ पञ्च-महाव्रत की शिक्षा दी। उसमें से सत्य और अहिंसा को जब आधुनिक चिन्तक महात्मा गाँधी अपनाते हैं तो आश्चर्य की बात नहीं है।
  • स्याद्वाद का सिद्धान्त समन्वयवाद की जैनियों द्वारा व्यापक उद्घोषणा थी जो कि किसी भी कट्टरपंथ विचार का निरोध करती है।
  • महावीर ने वेदों की प्रामाणिकता और यज्ञीय कर्मकाण्डों को मान्यता नहीं दी।
  • निर्वाण का द्वार बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए खुला था चाहे वह शुद्र हो या ब्राह्मण, चाहे स्त्री हो या पुरुष।
  • जन्माधारित वर्ण व्यवस्था को महावीर स्वामी ने सिरे से खारिज कर दिया।

राजनीतिक प्रभाव

  • भारतीय राजनीतिक दशा पर भी जैन धर्म की स्पष्ट छाप दिखायी देती है। इसका प्रभाव राजाओं की नीतियों पर पड़ा। शासकीय नीतियाँ जनकल्याणकारी हो गयीं। अत्याचार करने वाली नीति समाप्त हो गयी। उनके स्थान पर दया की नीति स्थापित करते राजा अपनी प्रजा से अपनी संतान की तरह व्यवहार किया।
  • जैनधर्म ने लोगों में अहिंसा व सदाचार का प्रचार किया और संयमित जीवन व्यतीत करने का उपदेश दिया। 
  • अनेकान्तवाद ( स्यादवाद या सप्तभंगीय सिद्धांत ) का सिद्धान्त विभिन्न मतों और संप्रदायों के बीच भेदभाव मिटाकर समन्वयवादी दृष्टिकोण अपनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण प्रयास माना जा सकता है। ऐसा करके समन्वय एवं सहिष्णुता के भारतीय दृष्टिकोण को सुदृढ आधार प्रदान किया है। यदि आज भी हम इन सिद्धांतों का अनुकरण करें तो आपसी भेदभाव एवं धार्मिक कलह बहुत सीमा तक दूर हो जायेगा तथा संसार में शांति, बन्धुत्व, प्रेम एवं सहिष्णुता का साम्राज्य स्थापित होगा।
  • इस प्रकार महावीर की शिक्षाएँ कुछ अंशों में वर्तमान समय में भी समान रूप से श्रद्धेय एवं अनुकरणीय हैं।

निष्कर्ष

जैन धर्म ने भारतीय संस्कृति को उतना प्रभावित नहीं किया  जितना कि बौद्ध धर्म ने। बौद्ध धर्म ने सम्पूर्ण भारतीय उप-महाद्वीप की संस्कृति ही नहीं अपितु वैश्विक परिदृश्य पर भी प्रभाव डाला। दूसरी ओर जैन धर्म ने भारतीय उप-महाद्वीप के कुछ विशेष भूभागों को ही प्रभावित किया। फिरभी इसका प्रभाव सतत् बना हुआ है। जहाँ एक ओर बौद्ध धर्म अपने मूल से ही विलुप्त हो गया वहीं दूसरी ओर जैन धर्म के साथ ऐसा नहीं हुआ।

बौद्ध धर्म की देन

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Index
Scroll to Top